बिहार में ट्रेन हादसा रुकने का नाम नहीं ले रहा है. बीते दिनों बिहार के बक्सर, किशनगंज और मुजफ्फरपुर जिले में हुए ट्रेन हादसे के बाद एक बार फिर से भारतीय रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आयी है. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर ट्रेन हादसा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन का इंजन बेपटरी हो गया है. बताया जाता है कि ना मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेल लाइन के बीच इंजन के कुल 6 चक्के पटरी से उतर गए हैं.
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर स्टेशन से महज कुछ दूरी पर इंजन बेपटरी हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही डीसीएम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. जानकारी के अनुसार सूचना के बाद मौके पर ART की टीम ने पहुंचते ही बेपटरी हुए इंजन को पटरी पर लाने का काम किया. घटना की जानकारी सोनपुर रेल मंडल को दे दी गई है.
एक हफ्ते में दूसरा हादसा
बता दें कि मुजफ्फरपुर में एक हफ्ते के भीतर दूसरा ट्रेन हादसा हुआ हुआ. अभी दो दिन पुर्व ही मुजफ्फरपुर के नारायणपुर स्टेशन के कुछ दूरी पहले एक मालगाड़ी की 6 बोगियां बेपटरी हो गई थी. भिलाई से मुजफ्फरपुर आई मालगाड़ी नारायणपुर स्टेशन पर शंटिंग में लगाई जा रही थी, तभी अचानक 6 बोगियां बेपटरी हो गईं. इससे अप और डाउन दोनों लाइन बाधित हो गईं थी. इस दौरान दर्जनभर गाड़ियां अलग-अलग स्टेशन पर रुकी रही. इस वजह से कई ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया गया था.




