

अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला प्रशासन के सहयोग से समाज कल्याण विभाग द्वारा आज माँ कल्याणिका पब्लिक स्कूल मड़ना गौरेला में जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्वलित कर किया गया। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और जनप्रतिनिधियों ने शॉल, श्रीफल भेंटकर और पुष्पमाला पहनाकर वृद्धजनों का सम्मान किया। कलेक्टर ने अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की सभी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन वृद्धजनों के अधिकार और सम्मान का दिन है। वरिष्ठजनों के सम्मान, उनके अधिकार और उनके गरिमा की रक्षा के लिए 1 अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए शासन द्वारा कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका लाभ आप सभी ले सकते हैं। योजना ऑनलाइन संचालित होती है और समय-समय में शिविरों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाती है। समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के साथ ही दिव्यांगजनों, निराश्रीत, विधवा, परित्यक्ता के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने अपने अधिकारों के प्रति सजग और जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक लाभ लेने कहा।
डीएफओ रौनक गोयल ने कहा कि वृद्धजनों के अनुभव भावी पीढ़ी को ज्ञान स्वरूप लेना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को अपने सेहत का ख्याल रखने के साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने कहा। अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर लूडो, कुर्सी दौड़, मटका फोड़ आदि विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार श्रवण यंत्र, छड़ी आदि प्रदान किया गया। समारोह में परियोजना निदेशक डीआरडीए के. पी. तेंदुलकर, संयुक्त कलेक्टर सह प्रभारी सहायक संचालक समाज कल्याण प्रिया गोयल, जनपद अध्यक्ष गौरेला ममता पैकरा, जनपद अध्यक्ष पेण्ड्रा आशा बबलू मरावी, नगर पंचायत अध्यक्ष मरवाही किशन ठाकुर, बृजलाल राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।