गौरेला पेंड्रा मरवाही, 02 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने पीएम जनमन योजना के तहत बैगा परिवारों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से आमाडोब में नवनिर्मित बहुउद्देशीय केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस केंद्र के माध्यम से बैगा परिवारों को रोजगार-स्वरोजगार के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों से अवगत कराते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर ने बहुउद्देशीय केंद्र में बने हॉल, कमरे, किचन, स्टोर रूम आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, एसडीएम ऋचा चंद्राकर, सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास गोपेश मनहर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




