वृक्षारोपण महाभियान 9 जुलाई को, कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 07 जुलाई 2025/ साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने जनसमस्याओं, जनशिकायतों एवं समय-सीमा के भीतर निराकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अंतर्गत मजदूरी भुगतान के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने तथा मनरेगा के तहत हुए कार्यों की सामाजिक अंकेक्षण में वसूली योग्य राशि की वसूली के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर राशि वसूली कराने सीईओ जिला पंचायत को निर्देश दिए। नक्शा बटांकन के कार्यों में प्रगति लाने एवं भूमि आबंटन के प्रकरणों का स्थल निरीक्षण करके भू-अभिलेख की अच्छी तरह जांच कर त्रुटि रहित प्रस्ताव भेजने एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने सारबहरा ओवरब्रिज के पास स्थित स्मृति वाटिका के संधारण के लिए नगरपालिका परिषद गौरेला के आधिपत्य में कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतु जनपद सीईओ गौरेला को निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन योजना एवं पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ आवासों को प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने संबंधित ठेकेदारों को निर्देशित करने कहा। उन्होंने पीएम आवास की राशि किसी अन्य के खाते में जाने की शिकायत की जांच कर निराकृत करने और जिनके नाम पर आवास स्वीकृत हुआ है, उनमें ऐसे हितग्राही जिनकी मृत्यु हो गई है, उनके नोमिनी के नाम पर आवास करने कहा।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट की स्थापना तथा शौचालय के साथ निर्मित 71 दुकानों को स्व-सहायता समूहों को आबंटित कर दुकान प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आय, जाति एवं निवास के समय-सीमा के बाहर के 727 प्रकरणों को तत्काल निराकृत करने और शिक्षा विभाग के समन्वय से सभी स्कूली बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनाने एसडीएम-तहसीलदार को निर्देश दिए। उन्होंने समग्र शिक्षा के तहत स्वीकृत कार्यों का प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति के बाद वर्क आर्डर जारी करने और चालू कार्यों की स्थिति से अवगत कराने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत नल से जल आपूर्ति कराने ई-ऑफिस क्रियान्वयन की शुरूआत करने, शासकीय कार्यों में स्मार्ट मीटर लगाने सहित विभिन्न प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
*वृक्षारोपण महाभियान 9 जुलाई को, कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा*
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले को हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय जिला बनाने के लिए जिले के सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ वृक्षारोपण महाभियान का आयोजन 9 जुलाई बुधवार को किया जा रहा है। इसके सफल आयोजन के लिए कलस्टर पंचायतों में सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो वृक्षारोपण का मॉनिटरिंग करेंगे। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत मरवाही विकासखण्ड के ग्राम पंचायत डोंगरिया में सुबह 11 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित सभी के सहयोग से एक हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके साथ ही सभी पंचायतों में सौ-सौ पौधे एवं प्रधानमंत्री आवासों में पौधों का रोपण किया जाएगा। फलदार, छायादार सहित विभिन्न प्रजाति के पौधे वन एवं उद्यानिकी विभाग के नर्सरी से निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों को अपने प्रभार क्षेत्र का दौरा कर सभी पंचायतों एवं आवास हितग्राहियों को पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल, आंगनबाड़ी, छात्रावास, आश्रम सहित पंचायत स्तर पर सभी शासकीय कार्यालय जहां बाउंड्रीवाल है, में प्राथमिकता से पौध रोपण कराने कहा। उन्होंने कहा कि रोपण के बाद पौधों की देखभाल सही ढंग से होनी चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।




