Home छत्तीसगढ़ कृषि छात्र शैक्षणिक भ्रमण हेतु हैदराबाद रवाना

कृषि छात्र शैक्षणिक भ्रमण हेतु हैदराबाद रवाना

0

छात्रों को मिलेगा अग्रणी अनुसंधान संस्थानों का प्रत्यक्ष अनुभव

बिलासपुर, 08 जुलाई 2025 – बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर तथा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, लोरमी-मुंगेली के बी.एससी. (कृषि) तृतीय वर्ष के 45 छात्र-छात्राओं का दल आज शैक्षणिक भ्रमण हेतु हैदराबाद के लिए रवाना हुआ। यह भ्रमण विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम AHPD-5321 के अंतर्गत आयोजित किया गया है।

विद्यार्थियों के इस दल का नेतृत्व डॉ. दिनेश पांडे, वैज्ञानिक (सस्य विज्ञान), डॉ. (श्रीमती) पुष्पलता तिर्की, वैज्ञानिक (उद्यानिकी) तथा डॉ. अवनीत कुमार, वैज्ञानिक (अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन) द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर डॉ. एन. के. चौरे, डॉ. एस. एल. स्वामी, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, लोरमी एवं समस्त प्राध्यापकों ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उत्साहपूर्वक विदा किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित कृषि अनुसंधान संस्थानों, विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी केंद्रों में हो रहे नवीनतम अनुसंधान, विकास एवं विस्तार कार्यों की प्रत्यक्ष जानकारी देना है। इससे छात्रों की वैज्ञानिक समझ, प्रयोगात्मक दक्षता एवं करियर उन्मुख सोच को नई दिशा मिलेगी।

हैदराबाद प्रवास के दौरान छात्र-छात्राएं निम्नलिखित प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का शैक्षणिक अवलोकन करेंगे जिसमें : प्रोफेसर जयशंकर तेलंगाना राज्य कृषि विश्वविद्यालय, खुष्क क्षेत्रीय कृषि विकास संस्थान – सी.आर.आई.डी.ए., अंतरराष्ट्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान – आई.सी.आर.आई.एस.ए.टी.,
भारतीय मोटा अनाज अनुसंधान संस्थान – आई.आई.एम.आर.,
राष्ट्रीय कृषि उच्च प्रबंध अकादमी – एन.ए.ए.आर.एम., नेहरू प्राणि उद्यान, गोलकुंडा फोर्ट, सलारजंग संग्रहालय, एन.टी.आर. उद्यान प्रमुख है।

हैदराबाद – विज्ञान, शोध एवं संस्कृति का संगम
हैदराबाद न केवल दक्षिण भारत का एक प्रमुख महानगर है, बल्कि यह वैज्ञानिक अनुसंधान, उच्च तकनीकी शिक्षा, कृषि विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक विरासत का भी केंद्र है। यहाँ स्थित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान संस्थान, जैसे – ICRISAT, CRIDA, NAARM आदि, भारत की कृषि प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हैदराबाद अपने ऐतिहासिक स्मारकों, संग्रहालयों, जैविक विविधता से परिपूर्ण प्राणि उद्यानों और सुरम्य उद्यानों के लिए भी प्रसिद्ध है, जो विद्यार्थियों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी समृद्ध अनुभव प्रदान करेंगे। यह भ्रमण उन्हें भारत के कृषि एवं शोध परिदृश्य की व्यापक समझ देगा।

यह शैक्षणिक यात्रा निस्संदेह विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक, प्रेरणास्पद एवं अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध होगी, जो उन्हें भविष्य में एक सफल कृषि वैज्ञानिक, नवप्रवर्तनकर्ता अथवा उद्यमी बनने की दिशा में प्रेरित करेगी।