गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 21 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी और वनमण्डलाधिकारी श्रीमती ग्रीष्मी चांद ने आज गौरेला विकासखण्ड के वन ग्राम पीपरखूंटी एवं तरईगांव सीमा क्षेत्र में अपने-अपने मैदानी अमले के साथ राजस्व और वन भूमि का सर्वे किया। दोनों विभागों के अभिलेखों में दर्ज भूमि का क्षेत्रफल और ऑनलाइन दर्ज डेटा का भौतिक सत्यापन किया गया। राजस्व विभाग के मिसल में दर्ज भूमिस्वामी एवं खसरा नंबर और वन भूमि के कम्पार्टमेंट का मौके पर मिलान किया गया। कलेक्टर-डीएफओ की उपस्थिति में राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी और वन विभाग के बीट गार्डों द्वारा दोनों वन ग्रामों के सीमा क्षेत्र में लगे मुनारा से नक्शे में दर्ज क्षेत्रफल का नाप-जोख करके मिलान किया गया। कलेक्टर ने सर्वेक्षण कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर निर्धारित प्रपत्र में जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेण्ड्रारोड ऋचा चंद्राकर, तहसीलदार शेषनारायण जायसवाल सहित राजस्व एवं वन विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



