बिलासपुर – कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, लोरमी-मुंगेली के बी.एस.सी. (कृषि) चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE) कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह भ्रमण अधिष्ठाता डॉ. एस.एल. स्वामी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम, सेंदरी में सम्पन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान छात्रों को बीज उत्पादन एवं प्रमाणन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि निगम द्वारा राज्य में कृषि प्रक्षेत्रों पर प्रजनक (Breeder) एवं आधार (Foundation) बीज का उत्पादन किया जाता है। साथ ही प्रमाणित बीजों को किसानों तक समय पर एवं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निगम द्वारा निभाई जाती है।
छात्रों को यह भी बताया गया कि निगम द्वारा न केवल उन्नत बीज उत्पादन और उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है, बल्कि किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम के लिए तकनीकी मार्गदर्शन, आवश्यक सहायता एवं कृषक हितैषी कृषि उपकरण भी सुलभ कराए जाते हैं। इसके अतिरिक्त बीज प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है, जिससे गुणवत्तायुक्त बीज किसानों तक पहुँच सकें।
छात्रों ने इस भ्रमण से बीज उत्पादन प्रणाली, बीज भंडारण, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण तकनीक एवं आधुनिक बीज प्रबंधन प्रक्रिया के बारे में व्यवहारिक जानकारी अर्जित की। इस अवसर पर संबंधित संकाय सदस्य एवं RAWE कार्यक्रम के प्रभारी भी उपस्थित रहे।



