गौरेला पेंड्रा मरवाही, 02 जनवरी 2026/जिला पंचायत के नर्मदा सभा कक्ष में आयोजित सरपंचों और सचिवों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आवास निर्माण में प्रगति लाने और स्वयं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने कहा। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के फायदे और विकसित भारत जी राम जी योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सरपंच-सचिवों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी रखने और योजनाओं का शत प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रगति लाने कहा गया।
कलेक्टर ने भविष्य में बिजली बिल की समस्या से मुक्त होने के लिए बैठक में उपस्थित सरपंचों, सचिवों और पटवारियों को दो दिन के भीतर रजिस्ट्रेशन कराने और पीएम सूर्यघर योजना का स्वयं लाभ लेने कहा। उन्होंने स्वीकृत हो चुके अप्रारंभ प्रधानमंत्री आवासों को शीघ्र प्रारंभ करने और किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर संबंधित जनपद के सीईओ को बताने कहा। उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों की जवाबदारी बनती है, कि हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ आम लोगों को मिले, इसके लिए अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन निष्ठा से करें।
बैठक में कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल ने पीएम सूर्यघर बिजली योजना की जानकारी और योजना का लाभ लेने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि आवेदक को वेबसाईट चउेनतलंहींतण्हवअण्पद या पीएम सूर्यघर मोबाईल ऐप पर पंजीयन कर लॉग इन आईडी प्राप्त करना होगा। इसके बाद वेबपोर्टल पर उपलब्ध वेंडर का चुनाव कर बिजली कर्मचारी की मदद से वेब पोर्टल पर पूर्ण आवेदन करना होगा। निर्धारित अनुबंध हस्ताक्षरित होने के पश्चात वेंडर द्वारा छत पर प्लांट की स्थापना एवं डिस्कॉम द्वारा नेट मीटर स्थापित किया जाता है। स्थापित प्लांट के सत्यापन पश्चात शासन द्वारा सब्सिडी ऑनलाईन जारी कर दी जाती है। इस दौरान यदि उपभोक्ता इच्छुक हो तो शेष राशि को 7 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण लेने के लिए बैंकों को जनसमर्थन पोर्टल द्वारा ऑनलाईन प्रेषित किया जाता है। इसके लिए शासन द्वारा 30 हजार रूपये से लेकर 78 हजार रूपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। रूफटॉप सोलर संयत्र की क्षमता अनुसार लागत राशि एवं सब्सिडी अलग-अलग हैं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मुकेश रावटे, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत कुमार अंचल, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय सहित पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




