गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 फरवरी 2026/प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पेण्ड्रा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत अमरपुर में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कच्चे और जर्जर मकानों में जीवन यापन करने वाले ग्रामीण परिवार अब पक्के और सुरक्षित आवास में रह रहे हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आया है। इस योजना के तहत ग्राम पंचायत अमरपुर में कुल 192 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 125 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष आवासों का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। पक्का मकान मिलने से हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। अब उन्हें बारिश, गर्मी और असुरक्षा जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिली है।
ग्राम पंचायत के सरपंच कोमल दामोदर सिंह परदेशी ने बताया कि स्वीकृत आवासों में से 125 का निर्माण पूरा कर लिया गया है और शेष आवासों का कार्य शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास बनने से अमरपुर ग्राम में उत्साह का माहौल है। जिन आवासों की निर्माण प्रक्रिया अभी जारी है, उन्हें भी समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के लिए नियमित रुप से समीक्षा की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के माध्यम से अमरपुर पंचायत में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। पक्के घरों के साथ ग्रामीणों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन का आधार मिला है। यह योजना ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।



