Home छत्तीसगढ़ सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस का भव्य आयोजन: ‘हमारी शक्ति,...

सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस का भव्य आयोजन: ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ पर केंद्रित रहा कार्यक्रम

0

विश्व पृथ्वी दिवस का भव्य आयोजन डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय में रसायन विज्ञान विभाग, रमन सेंटर फॉर साइंस कम्युनिकेशन, इको क्लब तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रश्मि वर्मा, विभागाध्यक्ष, रसायन विज्ञान विभाग के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा संयुक्त राष्ट्र 2026 की थीम “Our Power, Our Planet” (हमारी शक्ति, हमारा ग्रह) को संक्षेप में समझाते हुए वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी पर बल दिया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. पी. के. घोष, कुलपति, ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने और सतत विकास के लक्ष्यों को अपनाने का संदेश दिया। डॉ. जयति मिता, प्रो-वाइस चांसलर, ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है तथा छात्रों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। डॉ. अरविंद तिवारी, कुलसचिव, ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय स्तर पर हरित पहल (Green Initiatives) को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण जागरूकता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

इसके पश्चात डॉ. ए. के. श्रीवास्तव, डीन, विज्ञान संकाय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी संभव है जब व्यक्ति और संस्थान दोनों स्तर पर जमीनी कार्यवाही की जाए और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। डॉ. अमित शर्मा, विभागाध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान विभाग ने पृथ्वी प्रदूषण पर एक प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने वायु, जल एवं मृदा प्रदूषण की बढ़ती समस्या तथा उसके जैव विविधता और मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों की ज्ञानवृद्धि हेतु एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा उनकी रचनात्मकता एवं जागरूकता को बढ़ाने के लिए एक स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई, जिसमें उन्होंने संयुक्त राष्ट्र पृथ्वी दिवस 2026 की थीम “Our Power, Our Planet” के अनुरूप सतत जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण करने और पृथ्वी को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अभिषेक शर्मा द्वारा किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में सुव्यवस्थित समन्वय एवं छात्र सहभागिता बनी रही। कार्यक्रम की सफलता में डॉ. मिलन हाइट, डॉ. राकेश कुमार यादव, डॉ. दीपक सोनी एवं डॉ. ममता साहू, साथ ही श्री जे. पी. साहू एवं टीकम सी. नवरंग ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समापन छात्रों एवं शिक्षकों की उत्साही भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक हुआ, जिसने पर्यावरण जागरूकता एवं सतत विकास के महत्व का सशक्त संदेश दिया।