बिलासपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। सोमवार को अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली, लेकिन कई महत्वपूर्ण कक्षों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, ड्रेसिंग रूम तथा बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) के कक्ष क्रमांक 2 और 3 खाली पाए गए। जानकारी के अनुसार पूरे अस्पताल की व्यवस्था केवल दो डॉक्टरों के भरोसे संचालित हो रही है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।
सोमवार होने के कारण बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों की कमी और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। कई मरीजों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों की पदस्थापना और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है, ऐसे में चिकित्सकों की कमी मरीजों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। अब लोगों की नजर स्वास्थ्य विभाग पर है कि वह इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।



