दिनांक 09 जून 2026 को मदद मीनार फाउंडेशन के अंतर्गत संचालित यूथ लीडरशिप प्रोग्राम “समझो तो” के तहत अड्डा क्रमांक 09 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दोनों बैचों से लगभग 65 प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
“समझो तो” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित अड्डा 09 में युवाओं को सूचना, समाचार एवं विभिन्न वक्तव्यों को समझने और उनका विश्लेषण करने के लिए सक्षम बनाने पर विशेष चर्चा की गई। युवाओं को यह समझाया गया कि सूचनाएं किस प्रकार प्रस्तुत की जाती हैं, वे किस तरह लोगों की सोच को प्रभावित करती हैं तथा कैसे कुछ सूचनाएं नए मानदंड स्थापित कर समाज को विभिन्न स्तरों पर प्रभावित या नुकसान पहुंचा सकती हैं। अड्डा के दौरान युवाओं ने काफी सक्रियता के साथ भाग लिया और विभिन्न कहानियों एवं विषयों पर अपनी भावनाएं, अनुभव और विचार सभी प्रतिभागियों के साथ साझा किए।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में किशोरियों के साथ मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। सत्र के दौरान किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई तथा बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान अस्वच्छ कपड़ों का उपयोग करने से संक्रमण एवं विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए सुरक्षित एवं स्वच्छ विकल्प के रूप में सेनेटरी पैड के उपयोग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित किशोरियों के बीच सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।
इसके अतिरिक्त एनीमिया (खून की कमी) के विषय में भी जानकारी साझा की गई। किशोरियों को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा आयरन युक्त संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं किशोरियों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, समसामयिक मुद्दों के प्रति उनकी समझ को मजबूत बनाना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना था। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम में संस्था के निदेशक श्री इरशाद कुरैशी, युवा फैसिलिटेटर धीरज सिंह, इच्छा पांडेय, महेंद्र रैदास एवं यशोदा की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


