Home छत्तीसगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु अमित पांडेय नौवीं बार सम्मानित

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु अमित पांडेय नौवीं बार सम्मानित

0

बिलासपुर। शिक्षा एवं युवा मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जॉब्स काइंड एजुकेशन ग्रुप के संचालक एवं मार्गदर्शक अमित पांडेय को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए आज की जनधारा समाचार पत्र द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह बिलासपुर के लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति प्रवीण झा एवं समाजसेवी अनिल टाह उपस्थित रहे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो संदेश के माध्यम से सभी सम्मानित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

राजकिशोर नगर निवासी अमित पांडेय पिछले लगभग एक दशक से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क ऑनलाइन मार्गदर्शन, मोटिवेशन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। उनके द्वारा संचालित जॉब्स काइंड एजुकेशन ग्रुप के माध्यम से राज्य के 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो चुके हैं।

उनके मार्गदर्शन में वर्ष 2024 की सीजीपीएससी परीक्षा में 7 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में 11 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उनके विद्यार्थियों का लगातार चयन हो रहा है। अब तक 1000 से अधिक अभ्यर्थी शासकीय सेवाओं में चयनित होकर सफलता प्राप्त कर चुके हैं।

अमित पांडेय का यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं निःस्वार्थ सेवा भावना का प्रतीक है। युवाओं को रोजगार एवं सफलता की दिशा में प्रेरित करने के उनके प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण हैं।