
डॉयल-112 वाहन में प्रसूता ने दिया स्वस्थ बालक को जन्म
जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में संचालित डॉयल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा के अंतर्गत आज दिनांक 15 जून 2026 को मानवीय संवेदनशीलता एवं त्वरित पुलिस सहायता का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
आज ग्राम गांगपुर निवासी मानसिंह द्वारा डॉयल-112 में कॉल कर प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला के लिए तत्काल सहायता की मांग की गई। सूचना प्राप्त होते ही दोपहर 13:37 बजे गौरेला फाल्कन-2 (खोडरी) को इवेंट प्राप्त हुआ, जिस पर आरक्षक क्रमांक 117 राजाराम बसंत एवं चालक संतोष राठौर तत्काल ग्राम गांगपुर के लिए रवाना हुए।
डॉयल-112 टीम ग्राम गांगपुर पहुंचकर प्रसूता सरस्वती मरपच्ची, पति विनोद मरपच्ची, उम्र 22 वर्ष को उनके महिला परिजनों एवं ग्राम मितानिन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला ले जाने हेतु रवाना हुई। रास्ते में ग्राम गिरवर के समीप प्रसूता को अत्यधिक प्रसव पीड़ा होने लगी तथा तत्काल प्रसव की स्थिति निर्मित हो गई।
परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉयल-112 के कर्मचारियों ने सूझबूझ एवं विवेकपूर्ण कार्यवाही करते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका तथा गोपनीयता एवं सम्मान का ध्यान रखते हुए पर्दे की व्यवस्था की। महिला परिजनों एवं मितानिन के सहयोग से डॉयल-112 वाहन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया।
प्रसूता सरस्वती मरपच्ची ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। प्रसव उपरांत जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए। तत्पश्चात डॉयल-112 टीम द्वारा जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
डॉयल-112 की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से न केवल एक सुरक्षित प्रसव संभव हो सका, बल्कि ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है। इस सराहनीय कार्य के लिए क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा डॉयल-112 टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।
यह घटना डॉयल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा की तत्परता, संवेदनशीलता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।



