बिलासपुर, 21 जून। एचडीएफसी बैंक परिवर्तन परियोजना (प्रोजेक्ट P1106) के अंतर्गत संचालित कौशल विकास केन्द्र, कोनी बिलासपुर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केन्द्र के रिटेल, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन एवं जनरल ड्यूटी असिस्टेंट ट्रेड के 110 प्रशिक्षणार्थियों एवं समस्त स्टाफ ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन केन्द्र के प्रशिक्षित असिस्टेंट योग टीचर श्री नितिन राय द्वारा किया गया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज के तनावपूर्ण एवं भागदौड़ भरे जीवन में योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को योगिक जॉगिंग, सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्राणायाम के माध्यम से स्मरण शक्ति, एकाग्रता एवं मानसिक शांति में होने वाले लाभों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अपने दैनिक जीवन में नियमित रूप से योग अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम केन्द्र प्रभारी श्री संजीव कुशवाहा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। उन्होंने युवाओं को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
एचडीएफसी बैंक परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



