**
*विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल रायपुर के लिए प्रस्थान, 22 जून को सोमनाथ के लिए करेंगे यात्रा*
*गौरेला-पेंड्रा-मरवाही* / छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जिले से चयनित 21 विशिष्टजनों का प्रतिनिधिमंडल आज रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल में मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची की अगुवाई में विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट नागरिक शामिल हैं, जो 22 जून को रायपुर से गुजरात स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के सोमनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रतिनिधिमंडल के साथ जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो यात्रा के दौरान समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का दायित्व संभालेंगे।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उद्देश्य नागरिकों को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के भाव को सुदृढ़ करना है। इस यात्रा के माध्यम से प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय संस्कृति और सभ्यता की समृद्ध परंपराओं से अवगत होने का अवसर प्राप्त होगा। जिला प्रशासन ने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की है। यह यात्रा जिले के लिए गौरव का विषय है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले नागरिक प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने जा रहे हैं।



