Home देश लगातार दूसरे दिन गुड न्यूज! पहले 7.8% GDP ग्रोथ, अब GST में...

लगातार दूसरे दिन गुड न्यूज! पहले 7.8% GDP ग्रोथ, अब GST में 14.8% उछाल, अभी खुशखबरी आनी बाकी

0

इकॉनमी के लिए लगातार दूसरे दिन अच्छी खबर आई है. एक दिन पहले जीडीपी ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रहने के आंकड़े आए थे और अब अगस्त में जीएसटी कलेक्‍शन में 14.8 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अगस्त में सरकार को जीएसटी से 199853 करोड़ रुपये मिले, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 174116 करोड़ रुपये था. यानी एक साल में जीएसटी कलेक्शन करीब 25,700 करोड़ रुपये बढ़ गया.
जीडीपी के मजबूत आंकड़ों के बाद अब जीएसटी कलेक्‍शन को इकॉनमी के मजबूत संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. जीएसटी कलेक्‍शन बढ़ना बताता है कि देश में प्रोडक्‍ट और सर्विसेज की खरीद-बिक्री से जुड़ी आर्थिक गतिविधियां बनी हुई हैं. हालांकि जुलाई के मुकाबले अगस्त में कुल जीएसटी कलेक्‍शन कम रहा है. जुलाई में सरकार को करीब 2.11 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी मिला था. इसके बावजूद सालाना आधार पर 14.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी इस बात का संकेत देती है कि टैक्स बेस और आर्थिक गतिविधियों में मजबूती बनी हुई है

आंकड़ों को थोड़ा और समझें तो अगस्त में इंपोर्टेड वस्तुओं और सिर्वसेस से मिलने वाला जीएसटी कलेक्‍शन 29 प्रतिशत बढ़कर 62,604 करोड़ रुपये हो गया. वहीं घरेलू वस्तुओं और सेवाओं से जीएसटी आय 9.3 प्रतिशत बढ़कर 1,37,249 करोड़ रुपये रही. सरकार ने अगस्त में 31,795 करोड़ रुपये का रिफंड भी जारी किया, जो पिछले साल से 67.9 प्रतिशत ज्यादा है. रिफंड हटाने के बाद नेट जीएसटी कलेक्शन 1,68,057 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के मुकाबले 8.3 प्रतिशत अधिक है.

कहां से आने वाली है खुशखबरी
एक दिन पहले आए 7.8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ के आंकड़ों पर जेसीबी इंडिया के सीईओ और एमडी दीपक शेट्टी ने भारतीय उद्योगों के लिए इसे सुनहरा दौर बताया था. उनका कहना था कि पहले भारतीय अर्थव्यवस्था में सर्विसेज सेक्टर का योगदान सबसे ज्यादा दिखाई देता था, लेकिन अब मैन्युफैक्चरिंग भी तेजी से अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद इतनी तेज ग्रोथ का आना जश्न मनाने वाली बात है.
मार्केट एक्सपर्ट सुनील शाह ने भी 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ को बड़ी उपलब्धि बताया. खास बात यह है कि यह ग्रोथ ऐसे समय में आई, जब मध्य पूर्व के तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला था. जीडीपी का आंकड़ा आरबीआई के 7 प्रतिशत के अनुमान से भी बेहतर रहा. यानी अर्थव्यवस्था ने उम्मीद से ज्यादा तेज रफ्तार दिखाई है. अब जीडीपी के बाद जीएसटी के आंकड़े भी मजबूत तस्वीर दिखा रहे हैं. ऐसे में नजर अब आने वाले आर्थिक आंकड़ों और नीतिगत फैसलों पर है. अगर खपत, निवेश और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े आंकड़े भी मजबूत रहे, तो अच्छी खबरों का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here