Home छत्तीसगढ़ ग्राम गिरवर में जल उत्सव के साथ हुआ ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण

ग्राम गिरवर में जल उत्सव के साथ हुआ ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण

0

जल अर्पण दिवस के तहत नल-जल योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 7 सितंबर 2026/विकासखंड गौरेला के ग्राम गिरवर में आज जल उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम में ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण किया गया। साथ ही जल अर्पण दिवस के अंतर्गत नल-जल योजना का ग्राम पंचायत को विधिवत हस्तांतरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य द्वारा नल-जल योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को जल के महत्व, जल के सदुपयोग एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नल कनेक्शनों को फूलों की माला पहनाकर जल के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया गया तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री बृजलाल राठौर ने कहा कि हर घर तक नल से स्वच्छ जल की उपलब्धता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इस सुविधा को निरंतर बनाए रखना ग्रामवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने ग्रामीणों से जल स्रोतों के आसपास सोख्ता गड्ढे बनाने, जल स्रोतों की साफ-सफाई बनाए रखने तथा नल-जल योजना के उचित रख-रखाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने जल की प्रत्येक बूंद का विवेकपूर्ण उपयोग करने और भविष्य के लिए जल संरक्षित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव एवं पंचगण सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।