टीम इंडिया के ओपनर्स अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने विस्फोटक बैटिंग करते हुए मैच की दिशा तय कर दी. पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों को मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के उड़ाए. दोनों के रन जोड़ें तो 39 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने 96 रन कूट दिए. इसमें कुल मिलाकर 8 छक्के और 9 चौके शामिल रहे. अभिषेक-सैमसन के बीच पहले विकेट के लिए महज 6.2 ओवर में ही 88 रन की पार्टनरशिप हुई.
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने नाबाद रहते हुए टीम इंडिया को जीत तक पहुंचाया. ईशान ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए. वहीं, तिलक वर्मा 15 रन बनाकर नॉटआउट रहे. विनिंग रन ईशान के बल्ले से निकले. 15वें की 5वीं गेंद पर उन्होंने चौका लगाकर जीत का बिगुल बजाया. ईशान ने पहले मुकाबले में भी दमदार पारी खेली थी.
भारतीय गेंदबाजों से भी दमदार खेल देखने को मिला. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगान टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 8 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी. अफगानिस्तान को 1.3 ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज (0) के रूप में पहला झटका लगा. उस समय तक खाता भी नहीं खुला था. इसके बाद, कप्तान इब्राहिम जादरान ने सेदिकुल्लाह अटल के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 51 रन जोड़कर टीम को संभाला.
इब्राहिम 33 गेंदों में 6 चौकों के साथ 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि सेदिकुल्लाह ने 15 गेंदों में 12 रन की पारी खेली. टीम ने 67 रन तक अपना चौथा विकेट खो दिया था, जिसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई (11) ने दरवेश रसूली के साथ पांचवें विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 96 रन तक पहुंचा दिया. 100 के स्कोर पर दरवेश रसूली का विकेट गिरा, जो 15 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 26 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद मोहम्मद नबी और राशिद खान की अनुभवी जोड़ी ने मोर्चा संभाला. इन दोनों खिलाड़ियों के बीच सातवें विकेट के लिए 28 गेंदों में 48 रन की साझेदारी हुई, जिसने टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. नबी 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि राशिद खान ने 16 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 28 रन की पारी खेली. भारत के लिए नितीश रेड्डी ने 3 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि अर्शदीप सिंह को 2 विकेट हाथ लगे. इनके अलावा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट चटकाया.



