

बिलासपुर। शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, बिलासपुर में कार्यरत स्टेनो टाइपिस्ट श्री धनीराम साहू अपनी 38 वर्षों की लंबी और गौरवशाली सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए हैं। इस अवसर पर आज, 29 सितंबर 2026 को संस्था परिवार की ओर से उनके सम्मान में एक गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
विदाई समारोह के दौरान संस्था के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त हो रहे श्री साहू को पुष्पाहार पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें विदाई उपहार भेंट किए। उपस्थित सभी लोगों ने उनके लंबे सेवाकाल के सुनहरे और यादगार पलों को साझा करते हुए अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिंघई ने श्री धनीराम साहू को शाल, श्रीफल और पवित्र ग्रंथ श्रीमद् भगवद्गीता भेंट कर उनका विशेष सम्मान किया। प्राचार्य डॉ. सिंघई ने श्री साहू के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को महाविद्यालय परिवार हमेशा याद रखेगा। उन्होंने श्री साहू के उज्जवल भविष्य, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना भी की।
इस विदाई वेला को यादगार बनाने के लिए संस्था परिवार की ओर से ‘सर एम. वी. हॉल’ में एक स्नेह भोज (फेयरवेल लंच) का भी आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और कई आमंत्रित अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने श्री साहू को अपनी शुभकामनाएं दीं।
यह प्रेस विज्ञप्ति संस्था की ओर से डॉ. अभिजीत मिश्रा द्वारा जारी की गई है।



