Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान : पकरिया जलाशय में गूंजा जल संरक्षण का संदेश

सेवा संकल्प अभियान : पकरिया जलाशय में गूंजा जल संरक्षण का संदेश

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 30 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज गौरेला विकासखंड के पकरिया जलाशय क्षेत्र में जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनजागरूकता रैली के साथ जलाशय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई।जागरूकता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए वर्षा जल के संरक्षण, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और प्राकृतिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि जल संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव और पानी के अपव्यय को रोककर जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जलाशय एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जलाशयों, तालाबों एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन में सामुदायिक सहभागिता के महत्व की जानकारी दी गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ जल स्रोत, सुरक्षित पेयजल और जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने भी जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी का सदुपयोग करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाने में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।