Home देश पहाड़ों में ‘विंटर मॉनसून’, सिस्सू में सीजन का पहला स्नोफॉल, लेह मनाली...

पहाड़ों में ‘विंटर मॉनसून’, सिस्सू में सीजन का पहला स्नोफॉल, लेह मनाली हाईवे बंद, 0 डिग्री तक लुढ़का पारा, हिमाचल में अक्तूबर माह में दिसंबर जैसी ठंड

0
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. लाहौल स्पीति के सिस्सु में जहां बर्फबारी हो रही है. वहीं, कांगड़ा के बैजनाथ में सुबह सुबह ही भारी बारिश से मौसम ठंडा हो गया है. अक्तूबर महीने में ही प्रदेश में दिसंबर जैसी ठंड हो गई है और इस बार हिमाचल में सर्दी ने समय से पहले ही दस्तक दी है.
जानकारी के अनुसार, 15 अक्तूबर की सुबह से मौसम खराब बना हुआ था. ऐसे में मौसम ने करवट ली और अनुमान के अनुसार बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया. लाहौल घाटी के सिस्सु में सीजन का पहला हिमपात शुरू हो गया है. इसके अलावा, लाहौल घाटी में केलांग, दारचा समेत अन्य इलाकों में बर्फ गिर रही है. हालांकि, माना जा रहा है कि सेब के पौधों के लिए बर्फबारी नुकसान देह है.
सिस्सू में होटल कर्मचारी लक्की ने बताया कि सुबह से बर्फबारी हो रही है. अच्छी संख्या में टूरिस्ट भी लाहौल स्पीति आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि बर्फबारी की वजह से काफी ठंड बढ़ गई है. उधर, मनाली के आसपास जहां बारिश हो रही है, वहीं, रोहतांग समेत ऊंचे इलाकों में बर्फ गिर रही है.
लाहौल स्पीति जिला आपदा प्रबंधन ने बताया कि लेह मनाली नेशनल हाईवे बर्फबारी के चलते दारचा से आगे बंद कर दिया गया है. इसी तरह दारचा से शिंकुला के लिए भी बर्फबारी की वजह से हाईवे को बंद कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि मनाली काजा रोड भी स्नोफॉल की वजह से बंद है. हालांकि, उदयपुर के लिए रास्ता खुला हुआ है.
लाहौल स्पीति पुलिस ने जारी की एडवायजरी
लाहौल स्पीति पुलिस ने एडवायजरी जारी करते हुए कहा कि शिंकुला टॉप, बारालाचा ला टॉप, कुंजुम टॉप सहित अन्य ऊँचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों तथा पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन तीनों दर्रों की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही एहतियातन बंद कर दी गई है. वर्तमान में कोकसर एवं जिस्पा क्षेत्र में भी लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे सड़क मार्गों पर फिसलन बढ़ने तथा वाहनों की आवाजाही में जोखिम उत्पन्न होने की आशंका है.
लाहौल-स्पीति पुलिस के माध्यम से सभी पर्यटकों एवं आम जनता से अपील की जाती है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें तथा ऊँचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से पहले सड़क एवं मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें. सभी से अनुरोध है कि पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी यातायात एवं मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करें और पुलिस कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
आज दस जिलों में आंधी तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 15 अक्तूबर के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान के शिमला केंद्र ने गुरुवार सुबह लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के 10 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने बताया कि सिरमौर, हमीरपुर, मंडी, शिमला कुल्लू और कांगड़ा में गुरुवार को भारी बारिश के साथ आंधी तूफान भी चलेगा और इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. चंबा, लाहौल स्पीति और सोलन में हल्की बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट है. 17 अक्तूबर तक मौसम खराब रहेगा और फिर 18 से 20 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार दशहरे से दिवाली के बीच में मॉनसून की तरह बारिश देखने को मिलेगी. यानी प्रदेश में विंटर मॉनसून में इस बार खूब सर्दी पड़ने वाली है और बर्फबारी भी होगी. इससे पहले, 14 अक्तूबर लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम पारा 0.3 डिग्री दर्ज किया गया.