मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01जनवरी 2027 के संबंध में आज कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर में राज्य स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ द्वारा आज दिनांक 21.10.2026 को बैठक आयोजित किया गया।
बैठक में श्री यशवन्त कुमार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, श्री भोसकर विलास संदिपान, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं श्री पी. एस. ध्रुव संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे।
वही प्रदेश के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे- भारतीय जनता पार्टी से श्री विजय शंकर मिश्रा, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री देवा देवांगन, आम आदमी पार्टी से श्री नरेंद्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी से श्री सूरज तांडी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी) से धर्मराज महापात्र आदि उपस्थित रहे।
बैठक में श्री यशवन्त कुमार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01.01.2027 कार्यक्रम हेतु घोषित महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी गई।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की मुख्य तिथियां:
1. मतदान केंद्रों का युक्तिकरण/पुनर्गठन: 02 नवंबर 2026 तक
2. प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन: 12 नवंबर 2026
3. दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि: 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक
4. दावों और आपत्तियों का निराकरण: 28 दिसंबर 2026 तक
5. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन: 04 जनवरी 2027
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले सभी भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु फॉर्म-6 में आवेदन लिए जाएंगे।इसके अलावा आगामी 1 अप्रैल, 1 जुलाई, 1 अक्टूबर 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले वर्तमान में 17+ आयु वर्ग के युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 में अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल (voters.eci.gov.in) अथवा ECINET मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ के पास ऑफलाइन माध्यम से भी फॉर्म जमा किया जा सकेगा। ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बूथ लेवल अधिकारी से बात करने के लिए बुक ए कॉल विद बीएलओ के माध्यम से कॉल रिक्वेस्ट भी भेज सकते है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी भी सहायता के लिए टॉल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते है।



