*ऑटो मालिक द्वारा इलाज और परिजनों की सेवा के बाद भी 40 हजार की मांग कर रहा था मजदूर*
*पेंड्रा/गौरेला .* एक मजदूर द्वारा झूठी शिकायत लेकर जिला कार्यालय पहुंचने का मामला सामने आया है, जहां राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मामले की जांच कर मजदूर को समझाइश देकर घर वापस भेज दिया।
मामला पिछले हफ्ते का है। ग्राम पंचायत सारबहरा निवासी मजदूर संत लाल नायक की दो बेटियां फूल तोड़ने ऑटो में जा रही थीं, तभी ऑटो पलट गया। ऑटो मालिक पवन पंजाबी निवासी पेंड्रा द्वारा तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया और भर्ती कराकर इलाज शुरू कराया गया। बताया गया कि इलाज के साथ-साथ मजदूर के परिवार के 10 सदस्यों के तीनों समय के भोजन, नाश्ता, पानी की संपूर्ण व्यवस्था भी ऑटो मालिक द्वारा ही की जा रही थी। साथ ही आर्थिक मदद भी दी जा रही थी।
इसी बीच मजदूर संत लाल नायक के मन में लालच आ गया और उसने ऑटो मालिक से 40 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर शिकायत करने की धमकी देते हुए वह आज जिला कार्यालय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) में लिखित शिकायत लेकर पहुंच गया।
जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑटो मालिक पवन पंजाबी से फ़ोन पर पूरे मामले की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि ऑटो मालिक द्वारा मानवता के नाते पूरा इलाज खर्च और परिवार की सेवा की जा रही है।
सच्चाई सामने आने पर इंटक प्रदेश सचिव ने मजदूर संत लाल नायक को कड़ी फटकार लगाते हुए समझाइश दी कि मदद करने वाले व्यक्ति पर झूठा आरोप लगाना गलत है। इसके बाद मजदूर को घर वापस भेज दिया गया।
इस अवसर पर इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि संगठन हमेशा मजदूरों के हक के लिए खड़ा है, लेकिन झूठी और भ्रामक शिकायतों का समर्थन नहीं करेगा।



