Home छत्तीसगढ़ शासन रतनपुर सर्व यादव समाज ने धूमधाम से मनाई गोवर्धन पूजा, 56 भोग...

रतनपुर सर्व यादव समाज ने धूमधाम से मनाई गोवर्धन पूजा, 56 भोग एवं अन्नकूट का लगाया भोग

0

रतनपुर। रतनपुर सर्व यादव समाज द्वारा मंगलवार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में विधि-विधान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोवर्धन महाराज का भव्य श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई तथा 56 भोग एवं अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। हवन-पूजन के माध्यम से प्रदेशवासियों, नगरवासियों और समाज की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और ‘गोवर्धन महाराज की जय’ के जयकारे गूंजते रहे।

कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु एवं प्रदेश महामंत्री मनोज यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई।

आयोजन को सफल बनाने में यादव महिला समाज प्रकोष्ठ एवं युवा यादव समाज प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला प्रकोष्ठ की महिलाओं ने पूजा की तैयारियों, 56 भोग एवं प्रसाद की व्यवस्था संभाली, वहीं युवा प्रकोष्ठ के युवाओं ने अन्नकूट भोजन एवं प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी निभाई। यादव समाज कल्याण समिति ने मंच व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन में सहयोग किया।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि प्रकृति, गौ-सेवा, अन्न और परिश्रम के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर भी है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। इसी परंपरा और धार्मिक आस्था को यादव समाज आज भी पूरी श्रद्धा एवं सामाजिक एकता के साथ निभा रहा है।

आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में कन्हैया यादव, मनोज यादव, बसंत यादव, कृष्णा यादव, शांति यादव, लकेश यादव, बलदाऊ यादव, पूनम यादव, सुनीता यादव, ईश्वरी यादव, कपिला यादव, रिंकी यादव, सपना यादव, रेखा यादव, प्रतिमा यादव, अनीता यादव, शीलू यादव, प्रमिला यादव, उषा यादव, प्रीति यादव एवं सीमा यादव सहित समाज के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रदेशवासियों एवं नगरवासियों के सुख-समृद्धि, उन्नति और आपसी भाईचारे की मंगलकामना की। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट एवं महाप्रसाद वितरित किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।