गौरेला पेंड्रा मरवाही /ग्राम पंचायत कोरजा की एक गरीब मजदूर महिला जिला कार्यालय पहुंची, जहां राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) की मदद से उसका श्रम विभाग में पंजीयन कराया गया।
महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति की मृत्यु के बाद से वह स्कूल में खाना बनाकर बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की चिंता से वह परेशान थी।
इसकी जानकारी इंटक के दैनिक कर्मचारी अध्यक्ष, पीएचई विभाग के डी. आर. रौतेल को लगी। उन्होंने तुरंत इंटक के प्रदेश सचिव इदरीश अंसारी को फोन पर मामले की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही इदरीश अंसारी ने महिला को जिला कार्यालय बुलाया और तत्काल ऑपरेटर को बुलाकर श्रम विभाग में पंजीयन के लिए आवेदन कराया।
अब पंजीयन के बाद महिला को श्रम विभाग की योजनाओं के तहत बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए सहायता मिल सकेगी।
इस मौके पर इंटक प्रदेश सचिव इदरीश अंसारी ने मीडिया को बताया कि उनका एक ही उद्देश्य है, हर गरीब मजदूर को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे और यह कार्य आगे भी जारी रहेगा।



