Home छत्तीसगढ़ स्व-सहायता समूहों की ऋण राशि बढ़ाएं, व्यक्तिगत उद्यम ऋण की स्वीकृति और...

स्व-सहायता समूहों की ऋण राशि बढ़ाएं, व्यक्तिगत उद्यम ऋण की स्वीकृति और वितरण में तेजी लाएं

0

जिला पंचायत खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के सभाकक्ष में आज आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधकों को स्व-सहायता समूहों की ऋण राशि बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यशाला में समूहों के बैंक खाते खोलने, ऋण आवेदनों को समय पर स्वीकृति देने और व्यक्तिगत उद्यम ऋण के वितरण में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
श्री पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधकों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों और मैदानी कैडर को संबोधित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में बैंकों और उनकी योजनाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान, हैदराबाद के नेशनल रिसोर्स पर्सन श्री कोटागिरी श्रीनिवासराव मास्टर ट्रेनर के रूप में शामिल हुए। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के नवा रायपुर–अटल नगर स्थित राज्य कार्यालय से श्री अशोक कुमार भी उपस्थित रहे।

श्री श्रीनिवासराव ने बताया कि स्व-सहायता समूहों से ऋण की समय पर वापसी होने पर बैंकों को भी ब्याज से आय होती है। उन्होंने शाखा प्रबंधकों से समूहों की ऋण राशि बढ़ाने के साथ ही समूह सदस्यों को अपना उद्यम शुरू करने के लिए व्यक्तिगत ऋण स्वीकृत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रशिक्षण में उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह ऋण के लिए निर्धारित बैंक लोन प्रोडक्ट कोड, भारतीय रिजर्व बैंक के नवीन दिशा-निर्देशों और व्यक्तिगत उद्यम ऋण के नए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की जानकारी दी।

कार्यशाला के समापन पर श्री श्रीनिवासराव ने शाखा प्रबंधकों से समूह ऋण और व्यक्तिगत उद्यम ऋण के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रकरणों की स्वीकृति और राशि के वितरण में तेजी लाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों और कैडर सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यशाला में जिले के बैंक शाखा प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति और बैंक मित्र उपस्थित रहे।