Home छत्तीसगढ़ मजदूर परिवार पहुंचा जिला कार्यालय, इंटक ने कराया श्रम पंजीयन – जिला...

मजदूर परिवार पहुंचा जिला कार्यालय, इंटक ने कराया श्रम पंजीयन – जिला अध्यक्ष ने श्रम विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल

0

**

*गौरेला पेंड्रा मरवाही*

ग्राम पंचायत भदौरा निवासी मजदूर परिवार अपने श्रम पंजीयन के लिए जिला कार्यालय पहुंचा। मजदूर ऊषा बाई अपने पति के साथ श्रम विभाग में पंजीयन कराने आई थीं।

मामले की जानकारी मिलने पर *राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी* ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने ऑपरेटर को बुलाकर महिला का आवेदन ऑनलाइन छत्तीसगढ़ श्रम विभाग के पोर्टल में कराया।

*श्रम विभाग की कार्यशैली पर सवाल*

मीडिया से बात करते हुए इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने श्रम विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा –
> “गरीब मजदूर अपना पंजीयन कराने चॉइस सेंटर जाते हैं, जहां उनका आवेदन ऑनलाइन कर दिया जाता है। लेकिन महीनों बाद श्रम विभाग कार्यालय से उनके आवेदन की जांच होती है और उसमें कोई न कोई त्रुटि निकाल दी जाती है। इससे मजदूर का आवेदन का पैसा भी लग जाता है और पंजीयन भी नहीं होता।”

अंसारी ने बताया कि लगातार इस तरह की शिकायतें मिलने पर उन्होंने खुद कई मजदूरों का आवेदन अपने कार्यालय से कराया, लेकिन श्रम कार्यालय द्वारा फिर भी कोई न कोई कमी निकालकर पंजीयन रद्द कर दिया जा रहा है।

*500 रुपये लेकर पंजीयन का आरोप*

इंटक प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि एक-दो लोग ऐसे हैं जो 500 रुपये लेकर चॉइस सेंटर से आवेदन करते हैं, जिनके पंजीयन रद्द नहीं होते। इस प्रकार की शिकायत उन्हें कई बार मौखिक रूप से चॉइस सेंटर के लोगों द्वारा भी दी गई है।

उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी उन्होंने दूरभाष पर श्रम कार्यालय कर्मचारी श्री गुप्ता को दे दी है।

*कलेक्टर से मिलेंगे इंटक नेता*

इदरीस अंसारी ने चेतावनी दी और कहा –
> “अगर यही हाल रहा तो आगे मैं मजदूरों के साथ कलेक्टर महोदय से मिलकर मामले की जानकारी दूंगा। ये भ्रष्टाचार अब नहीं चलने दिया जाएगा। मजदूरों का पैसा और समय दोनों खराब हो रहा है, लेकिन श्रम विभाग से पंजीयन नहीं किया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि अब वे खुद श्रम विभाग कार्यालय में जाकर मामले की पूरी जानकारी देंगे, उसके बाद आगे मजदूरों के पंजीयन के लिए आवेदन कराया जाएगा।