कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लीना कमलेश मण्डावी के मार्गदर्शन नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के लिए ‘‘जाबो’’ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज रेलवे स्टेशन पेण्ड्रारोड से मल्टीपरपज स्कूल पेण्ड्रा तक बाइक रैली निकाल कर मतदाताओं को जागरूक किया गया। जाबों कार्यक्रम के जिला नोडल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य और रिटर्निंग ऑफिसर नम्रता आनंद डोंगरे एवं अमित बेक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली प्रस्थान करने के पूर्व रेलवे स्टेशन पार्किंग स्थल पर उपस्थित सभी लोगों को शतप्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई गई। बाइक रैली में जिला मिशन प्रबंधक दुर्गाशंकर सोनी, सीएमओ गौरला नारायण साहू, सीएमओं पेण्ड्रा अमलदीप मिंज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनीत दुबे, नगरपालिका परिषद गौरेला एवं पेण्ड्रा के कार्यालयीन स्टाफ, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘‘बिहान’’ स्वसहायता समूहों की महिलाएं, कैडर्स सहित नगरवासी एवं गणमान्य नागरिक शामिल थे।



