गौरेला पेंड्रा मरवाही, 04 जून 2025/ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मण्डावी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत गठित स्वसहायता समूह की महिलाएं प्रधानमंत्री आवास में सेन्ट्रिंग प्लेट एवं ईंट की आपूर्ति कर लखपति बन रहीं हैं। जिले में 50 हजार से अधिक आवास निर्माण का लक्ष्य रखा गया है तथा लक्ष्य के अनुरूप निर्माण कार्य चल रहा है। वर्तमान में जिले के 174 ग्रामों में 531 स्वसहायता समूहों के 2386 सदस्यों द्वारा लगभग 36 हजार 636 सेन्ट्रिंग प्लेट प्रधानमंत्री आवास निर्माण में सप्लाई किया जा रहा है। इसके साथ ही 1126 स्वसहायता समूहों के 4414 सदस्यों द्वारा ईट और 380 स्वसहायता समूहों के 2199 सदस्यों द्वारा अन्य सामग्रियों की आपूर्ति आवास निर्माण में किया जा रहा है। सेन्ट्रिंग प्लेट, ईंट और अन्य सामानों की आपूर्ति से महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है और वे लखपति दीदी बन रहीं हैं।
जिला मिशन प्रबंधक दुर्गा शंकर सोनी ने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन की टीम द्वारा मोबिजलाईजेशन के माध्यम से 1003 सदस्यों द्वारा नवीन सेन्ट्रिंग प्लेट खरीद कर आवास निर्माण में सप्लाई करने, 2195 सदस्यों द्वारा ईंट निर्माण करने और 783 समूहों द्वारा आवास निर्माण में अन्य सामग्रियों की सप्लाई करने के लिए सहमति दी गई है। श्री सोनी ने बताया कि स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आरसेटी के माध्यम से राजमिस्त्री का प्रशिक्षण दिलाने के लिए चिन्हित किया गया है। महिलाओं द्वारा राजमिस्त्री का कार्य करने से आवास निर्माण में और अधिक प्रगति आएगी।



