गौरेला पेंड्रा मरवाही, 17 जून 2025/ अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में 21 लोगों ने अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने एक-एक कर सभी आवेदनों का अवलोकन किया और संबंधित विभाग के अधिकारी को आवेदनों का परीक्षण एवं नियम प्रक्रिया का पालन करते हुए निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं वन अधिकार पत्र से संबंधित आवेदनों का मौके पर जाकर निरीक्षण कर निराकृत करने कहा। उन्होंने पीएम आवास की राशि दूसरे के खाते में ट्रांसफर होने की शिकायत पर परियोजना अधिकारी मनरेगा को जांच कर ठीक कराने कहा। जनदर्शन में निजी भूमि पर किसी और के द्वारा आवास बनाए जाने पर रोक लगाने, आर्थिक सहायता, धान बिक्री के उपरांत राशि भुगतान नहीं होने, आवास, नाली निर्माण, सीमांकन, वन अधिकार पट्टा, नियुक्ति आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।



