Home छत्तीसगढ़ उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व सुरक्षा के लिए विशेष अभियान...

उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व सुरक्षा के लिए विशेष अभियान के तहत 579 महिलाओं की जांच

0

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 24 जून 2025/ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आज जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित जिले के सभी 18 स्वास्थ्य केन्द्रों में उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व सुरक्षा हेतु जांच किया गया। अभियान के तहत 579 महिलाओं की जांच में से 114 महिलाएं उच्च जोखिम की पायी गई। इस अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम वाले गर्भवती महिलाओं का निःशुल्क जांच, उपचार एवं परामर्श प्रदान करना तथा समय पूर्व जांच कर मातृ एवं नवजात शिशु मृत्यु दर को कम करना है। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार आयोजित अभियान में स्वास्थ्य केन्द्रो में स्त्री रोग विशेषज्ञ, महिला चिकित्सक, महिला आरएमए स्टाफ नर्स एवं अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई गयी थी। अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए सोनोग्राफी की व्यवस्था की गई हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के विशेष प्रयासो से जिले के दूरस्थ विकासखण्ड मरवाही के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रथम बार उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की विशेष सुविधा प्रदान की गई, जिससे मरवाही क्षेत्र के गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव पूर्व जांच का लाभ प्राप्त हुआ।