Home छत्तीसगढ़ वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर शपथ एवं सम्मान समारोह...

वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर शपथ एवं सम्मान समारोह आयोजित

0

विधायक, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख हुए शामिल

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 24 जून 2025/ वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ जिला इकाई गौरेला पेण्ड्रा मरवाही द्वारा आज कलेक्ट्रेट के सामने सामुदायिक भवन गुरूकुल गौरेला में 462वां बलिदान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शासकीय सेवक विकास संघ के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण और शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आदिवासी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री नीलकंठ टेकाम समारोह के मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, पुलिस अधीक्षक एस आर भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल सहित वर्तमान एवं पूर्व के अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित और दीप प्रज्जवलित कर किया गया। मुख्य अतिथि का गजमाला से स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने वीरांगना रानी दुर्गावती के वीरगाथा पर प्रकाश डाला। मरवाही विधायक श्री मरपची ने शासकीय सेवक विकास संघ को बधाई देते हुए कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती 51 बार जीत हासिल की और अपने अंतिम युद्ध में लड़ाई लड़ते हुए अपना बलिदान दी। उन्होंने बताया कि हमारे देश के राष्ट्रपति भी आदिवासी हैं और हमारे राज्य के मुख्यमंत्री भी आदिवासी समाज से हैं। उन्होंने भविष्य में समाज के लागों को जागरूक करने और आगे बढ़ाने की बात कही। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्री पहलवान सिंह मरावी, डॉ. के के ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के प्रमुखजन एवं अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।