Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर ने विभिन्न एचबी जांच केंद्रों का अवलोकन कर प्रगति का लिया...

कलेक्टर ने विभिन्न एचबी जांच केंद्रों का अवलोकन कर प्रगति का लिया जायजा

0

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 26 जून 2025/ कलेक्टर श्रीमती मंडावी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित एचबी जांच केंद्र में अपना रक्त परीक्षण कराने के बाद विभिन्न एचबी जांच केंद्रों का अवलोकन कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र भदौरा, अटल सभागार पेण्ड्रा, पंचायत भवन कुदरी, पंचायत भवन भाड़ी, पंचायत भवन कोटमीकला, पंचायत भवन रूमगा, पंचायत भवन बंशीताल, पंचायत भवन पीपरडोल, सेमीनार हॉल नगर पंचायत मरवाही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और पंचायत भवन सिवनी में मेडिकल टीम द्वारा की गई रक्त परीक्षण और रजिस्टर में संधारित नाम, उम्र, एचबी जांच परिणाम आदि का अवलोकन किया। उन्होंने एचबी जांच दलों को रक्त सेम्पल के लिए उपयोग किए जा रहे निडल का सिंगल यूज करने तथा उपयोग के बाद निडल का सही तरीके से निष्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने एचबी जांच कराने आए छात्राओं एवं ग्रामीण महिलाओं से चर्चा भी की और कहा कि शरीर में खून की मात्रा 10 ग्राम से अधिक होना चाहिए, यदि इससे कम है तो आयरन की दवाई लें और खानपान पर विशेष ध्यान रखें। उन्होंने एचबी जांच के बारे में मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सचिव, पटवारी, कोटवार को घर-घर जाकर महिलाओं को बताने और अनिवार्य रूप से रक्त परीक्षण कराने कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पेण्ड्रारोड ऋचा चंद्राकर एवं जिला महिला बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा भी उपस्थित थे।