**
*लंबे सेवाकाल के बाद भावभीने समारोह में दी गई विदाई*
पुलिस विभाग में अपनी 41 वर्षों की सेवा यात्रा पूर्ण कर आज निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक सादे किन्तु गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ओम चंदेल , उप पुलिस अधीक्षक श्री श्याम सिदार , यातायात प्रभारी, थाना प्रभारीगण, विभागीय सहकर्मी एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला ने वर्ष 1984 में आरक्षक (Constable) के पद पर छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की थी। सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों – जैसे रायगढ़, जगदलपुर, दंतेवाड़ा,सूरजपुर एवं जीपीएम – में नियुक्त होकर विभिन्न पदों पर कार्य किया। कठिन परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उन्होंने कुशल नेतृत्व और कार्यकुशलता का परिचय दिया।
विभाग में उनकी छवि एक अनुशासित, ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं संवेदनशील अधिकारी के रूप में रही है। उनके द्वारा अनेक महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के सफल अनुसंधान किए गए, जिनमें कई हाई-प्रोफाइल प्रकरण भी शामिल रहे। उनकी सूझबूझ, सधी हुई कार्यशैली एवं जनसेवा के प्रति समर्पण भाव से विभाग को हमेशा प्रेरणा मिलती रही है।
सेवानिवृत्ति समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंदेल द्वारा श्री शुक्ला को शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने वक्तव्यों में उनके साथ के अनुभवों को साझा किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भावुक माहौल में श्री शुक्ला ने भी सभी को संबोधित करते हुए कहा कि –
“मैंने हमेशा वर्दी को जिम्मेदारी, सेवा और आत्म-सम्मान का प्रतीक माना। यह विभाग मेरा दूसरा परिवार रहा है। जो सम्मान और सहयोग मुझे मिला, उसके लिए मैं सभी अधिकारीगण, सहकर्मियों और जनता का हृदय से आभारी हूँ।”
अंत में विभागीय साथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें विदाई दी।
सेवा से विदाई भले हो, लेकिन प्रेरणा देने वाली सेवा-यात्रा हमेशा स्मरणीय रहेगी।



