गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 जुलाई 2025/ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आज जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में 239 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 115 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं की पहचान कर उपचार किया गया। इस अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को विशेष रूप से अभियान चलाकर गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। 24 जुलाई को हरेली पर्व का शासकीय अवकाश होने के कारण स्वास्थ्य परीक्षण 25 जुलाई को किया गया। इस अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम वाले गर्भवती महिलाओं का निःशुल्क जांच, उपचार एवं परामर्श प्रदान करना तथा समय पूर्व जांच कर मातृ एवं नवजात शिशु मृत्यु दर को कम करना है। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य केन्द्रो में स्त्री रोग विशेषज्ञ, महिला चिकित्सक, महिला आरएमए स्टाफ नर्स एवं अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई गयी थी।



