बिलासपुर 17 दिसंबर, 2025/ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान एवं स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ी व्यंजन मेला सह हाट का आयोजन 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को सी.एम.डी. कॉलेज ग्राउंड, बिलासपुर में किया जाएगा। दो दिवसीय यह आयोजन छत्तीसगढ़ी स्वाद, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों के रंग में रंगा रहेगा।
मेले का उद्घाटन 20 दिसंबर को सायं 3 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। वहीं शाम 6 बजे कार्यक्रम में बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल एवं कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की उपस्थिति रहेगी।
मेले में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों, हस्तशिल्प सामग्री तथा ग्रामीण कारीगरों के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था की गई है। आमजन के मनोरंजन हेतु प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
दूसरे दिन 21 दिसंबर को मेला पूरे दिन संचालित रहेगा। इस दिन शाम 4 बजे मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कौशल्या विष्णु देव साय कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
आयोजक संस्था अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष पं. योगेश तिवारी एवं सस्वाद की अध्यक्ष श्रीमती चित्रा तिवारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, खानपान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।



