गौरेला पेंड्रा मरवाही,10 जनवरी 2026/ नगर पालिका परिषद गौरेला के सभी 15 वार्डों के संपत्ति कर, समेकित कर, जल कर, यूजर चार्ज एवं दुकान किराया वसूली के लिए 5 जनवरी से 4 फरवरी तक शिविर लगाए जा रहे हैं। 5 से 10 जनवरी तक आयोजित शिविर में कुल 1 लाख 83 हजार 526 रुपए की वसूली की गई है। इनमें संपत्ति कर 26 हजार 666 रुपए, समेकित कर 27 हजार 600 रुपए, जलकर 87 हजार 660 रुपए और दुकान किराया 41 हजार 600 रुपए शामिल है।
मुख्य नगर पालिका अधिकार श्री नारायण साहू ने बताया कि संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय नवा रायपुर निर्देश पर नगर पालिका परिषद गौरेला द्वारा राजस्व वसूली हेतु वार्डो में शिविरों का आयोजन किया जा रहा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वार्ड के निर्धारित स्थलों पर करदाताओं व बकायादारों से बकाया करों की राशि जमा कराई जा रही है। उन्होंने सभी करदाताओं, बकायादारों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर बकाया करों की राशि जमा कराएं, साथ ही ऐसे नए भवन, मकान तथा अन्य सम्पत्तियॉं जिनमेंं सम्पत्तिकर अभी तक आरोपित नहीं किया गया है, वे नियमानुसार आवेदन पत्र सहित स्व-विवरणी फार्म भरकर नगरपालिका कार्यालय में राशि जमा कराएं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11, 12, 27 व 28 जनवरी को अग्रसेन भवन में, 13 व 29 जनवरी को शासकीय माध्यमिक शाला ज्योतिपुर में, 14 व 30 जनवरी को सामुदायिक भवन डूमरिहा में, 15 व 31 जनवरी को नगर पालिका परिषद कार्यलय भवन में, 16 जनवरी व 1 फरवरी को मजार के पास टिकाकर कला में, 17 जनवरी व 2 फरवरी को लोहरा झोरकी में, 18 जनवरी व 3 फरवरी को आंगनबड़ी तालाब के पास और 19 जनवरी व 4 फरवरी को सामुदायिक भवन अंबेडकर नगर में सुबह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक शिविर निर्धारित किया गया है।



