गौरैला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंशीताल में आयोजित सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह शिविर वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही एवं पीएम श्री सेजेस, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मरवाही के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में जनपद सदस्य गायत्री गणेश मार्को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि ग्राम पंचायत बंशीताल की सरपंच पिंकी देवेंद्र श्याम सहित जिला पंचायत सदस्यों और शिक्षा जगत से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के विभिन्न स्वयंसेवक समूहों द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगीत, नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियों और सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्ति, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
सांस्कृतिक संध्या की एक विशेष झलक तब देखने को मिली, जब ग्राम की माध्यमिक एवं हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। इससे विद्यालय, महाविद्यालय और ग्राम समाज के बीच आपसी समन्वय और सहभागिता का सुंदर उदाहरण सामने आया। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। सात दिवसीय एनएसएस शिविर के अंतर्गत आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या ग्राम पंचायत बंशीताल के लिए एक यादगार आयोजन बनकर उभरी है।


