Home छत्तीसगढ़ जिले में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

जिले में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

0

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में गरिमामय रूप से मनाया गया।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहाँ जिले के प्रभारी मंत्री तथा पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ-साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सस्वर गान से समूचा वातावरण देशभक्ति से गुंजायमान हो उठा।

मुख्य अतिथि ने कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के साथ परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। शांति, एकता और शौर्य के प्रतीक के रूप में तिरंगे रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

समारोह में जिला पुलिस बल, वन विभाग, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस बालक-बालिका, स्काउट, गाइड और रेंजर्स की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर सलामी दी।
इस दौरान शहीद शिव नारायण बघेल के पुत्र कौशलेन्द्र बघेल एवं उनके परिवार को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सांस्कृतिक कड़ी में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेश-भूषा में देशभक्ति गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन पर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों पर आधारित विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियाँ भी निकाली गईं।
प्रतियोगिताओं में परेड में रेडक्रॉस बालिका, सांस्कृतिक कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श विद्यालय डोंगरिया और झांकी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 53 अधिकारी-कर्मचारियों के साथ उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

वहीं, जल संसाधन संभाग पेंड्रा रोड के विश्रामगृह के मैदान में भी अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन संभाग पेंड्रारोड कृष्ण कुमार पैकरा,
और उप अभियंता सत्येंद्र कुमार कौशिक ने ध्वजारोहण किया .

जिला चिकित्सालय गौरेला पेंड्रा मरवाही में भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रामेश्वर शर्मा ने ध्वजारोहण किया.