गौरेला पेण्ड्रा मरवाही 16 फरवरी 2026/प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत अनुदान राशि प्राप्त कर पेण्ड्रा विकासखण्ड के ग्राम गोढ़ा की श्रीमती लिखमनिया बाई मिन्ज ने दस महिने में ही 1 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया है। लिखमनिया बाई ने बताया कि कार्यालय सहायक संचालक मछली पालन विभाग जीपीएम में सम्पर्क करने पर उन्हें कम जगह में लाईनर पोण्ड बनाकर मछली पालन हेतु सलाह एवं तकनीकी जानकारी दी गई। विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन एवं शासन के आर्थिक सहयोग से वे अपने स्वयं की भूमि पर पोण्ड लाईनर पोण्ड का निर्माण करके मछली पालन का व्यवसाय शुरू किया। योजना के तहत कुल परियोजना लागत 14 लाख रुपये का 60 प्रतिशत अनुदान राशि 8 लाख 40 हजार रूपये उनके खाते में प्राप्त हुआ। लिखमनिया बाई का कहना है कि मछली पालन से लगभग 10 माह में उन्होंने 2 टन मछली का विक्रय कर चुकी हैं। मछली विक्रय से कुल आय 2 लाख 20 हजार रुपये में 1 लाख रूपये का शुद्ध मुनाफा मिला है। अभी भी उनके तालाब पर 8 से 10 क्विंटल मछली भण्डारित है, जिसकी बिक्री से उनके आय में इजाफा होगा। लिखमनिया बाई ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना से मछली पालन करके वे आत्मनिर्भर बन गई हैं।



