Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में भाजयुमो को नई मजबूती, राजू दास मानिकपुरी बने रतनपुर मंडल...

छत्तीसगढ़ में भाजयुमो को नई मजबूती, राजू दास मानिकपुरी बने रतनपुर मंडल अध्यक्ष

0

बिलासपुर /रतनपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए अपनी युवा टीम को मजबूत करने में जुट गई है। इसी क्रम में बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। संगठन के प्रति निष्ठा और छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने वाले राजू दास मानिकपुरी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रतनपुर का नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राजू दास मानिकपुरी ने अपने छात्र जीवन से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से छात्र हितों की आवाज बुलंद की और युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। संगठन में सक्रियता और समर्पण के बल पर वे रतनपुर भाजयुमो के उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं।

वे पूर्व में मंडल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्हें बिलासपुर ग्रामीण भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल का करीबी समर्थक माना जाता है। रतनपुर मंडल उपाध्यक्ष के रूप में जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों और संगठन विस्तार में निभाई गई सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उनका कद बढ़ाते हुए उन्हें मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

अपनी बेबाक शैली और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले राजू दास मानिकपुरी राजनीति के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ को संगठन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

नियुक्ति के बाद ‘ *तरुण पथ’* से चर्चा में उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और संगठन की विचारधारा को अंतिम छोर के युवा तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह नियुक्ति दर्शाती है कि पार्टी अब जमीनी स्तर पर सक्रिय और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले चेहरों को आगे ला रही है। आने वाले समय में रतनपुर क्षेत्र में भाजयुमो की गतिविधियों में नई गति और विस्तार देखने को मिल सकता है।