
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पं. देवकीनंदन दीक्षित चौक के पास शहर के तीसरे पिंक टाॅयलेट का शुभारंभ महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने किया,इस अवसर पर सभापति श्री विनोद सोनी,जोन क्रमांक 3 की अध्यक्ष मधुबाला टंडन समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 23 लाख की लागत से निर्मित इस पिंक टॉयलेट में कई प्रकार की सुविधाएं है। दो कमोड टाॅयलेट,एक इंडियन टाॅयलेट, दिव्यांग टाॅयलेट, शाॅवर रूम,
सेनेटरी नैपकिन मशीन, इंसीनरेटर मशीन, बेबी फीडिंग रूम, दो डाॅयपर चेंजिंग टेबल समेत विभिन्न प्रकार की अन्य सुविधाएं मौजूद हैं।
पिंक टॉयलेट का शुभारंभ करते हुए बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि यह ‘पिंक टॉयलेट महिलाओं की स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो महिला स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी अत्यंत उपयोगी है। महापौर श्रीमती विधानी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के अनुरूप महिलाओं के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने की दिशा में यह कदम प्रभावी साबित होगा। यह पहल सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देगी, शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विदित है कि पं.देवकीनंदन दीक्षित चौक के समीप यह पिंक टॉयलेट शहर का तीसरा पिंक टॉयलेट है,इससे पूर्व जिला न्यायालय परिसर और कलेक्टोरेट में पिंक टॉयलेट का निर्माण किया गया है।



