Home छत्तीसगढ़ जनसमस्या निवारण शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों को उपस्थित रहकर प्रकरणों का...

जनसमस्या निवारण शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों को उपस्थित रहकर प्रकरणों का निराकरण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

0

*विभागों में लंबित नवीन प्रकरणों का परीक्षण कर निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी*

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 28 अप्रैल 2026/साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने मुख्यमंत्री निवास जनदर्शन, मुख्यमंत्री जन शिकायत, पीएमओ पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन और विभागों में लंबित एवं नवीन लंबित प्रकरणों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निराकरण हेतु लंबित आवेदनों का परीक्षण कर निराकरण सुनिश्चित करने और निराकरण उपरांत टीएल सूची से प्रकरण विलोपित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आगामी 1 मई से 6 जून के मध्य जिले में 13 जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन के लिए शेडयूल तैयार किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 11 कलस्टर ग्राम पंचायतों और तीनों नगरीय निकाय गौरेला, पेण्ड्रा एवं मरवाही में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविरों में जिला स्तरीय सभी अधिकारियों को उपस्थित रहकर प्रकरणो का निराकरण करने के निर्देश।
कलेक्टर ने भूमि आबंटन के प्रकरणों में संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर शीघ्रता से भूमि आबंटित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों में लंबित नवीन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के दौरान अनुदान दिलाने, विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर हटाने, उज्जवला गैस कनेक्शन, राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, आधिपत की भूमि से कब्जा हटाने, सड़क मरम्मत, पुल निर्माण, मजदूरी भुगतान, वन अधिकार पटटा से संबंधित प्रकरणों को निराकृत करने कहा।
इसी तरह सीमांकन, राजस्व अभिलेख दुरस्त कराने, पीएम आवास में गड़बड़ी की शियत, पेंशन योजना का लाभ दिलाने, पेयजल समस्या का निराकरण करने, बकाया वेतन भुगतान, मोबाइल टावर चालू कराने आदि से संबंधित आवेदनों का परीक्षण कर निराकरण सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमोर, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, डिप्टि कलेक्टर निकिता मरकाम एवं आकांक्षा पाण्डे सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।