मरवाही, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म के प्रति जागरूक करने, मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मदद मीनार फाउंडेशन एवं एनएफआई (NFI) के संयुक्त प्रयास से शासकीय हाई स्कूल करहनी, विकासखंड मरवाही में मासिक धर्म जागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती रानी शिखा सिंह रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है। इस विषय पर समाज में व्याप्त झिझक एवं भ्रांतियों को समाप्त करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, सही जानकारी अपनाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच अपने अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से सलाह लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में मदद मीनार फाउंडेशन के चेयरपर्सन श्री इरशाद अहमद कुरैशी एवं सचिव श्री धीरज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान समाज के समग्र विकास का आधार है तथा संस्था भविष्य में भी महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम का मुख्य जागरूकता सत्र सुश्री श्रुति एवं सुश्री गीता द्वारा संचालित किया गया। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सही एवं सुरक्षित उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने की आवश्यकता, संक्रमण से बचाव, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम तथा मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथ एवं वैज्ञानिक तथ्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। जागरूकता सत्र के उपरांत सभी छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री धर्मेंद्र कुमार कुर्रे, श्री अमलेश कुमार ध्रुव (व्याख्याता), श्री विजय कुमार कोरी (व्याख्याता), श्रीमती चित्रलेखा राजवाड़े (व्याख्याता) एवं श्री सौरभ श्रीवास (सहायक शिक्षक) सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह कार्यक्रम मदद मीनार फाउंडेशन एवं एनएफआई (NFI) के संयुक्त प्रयास एवं सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संस्था ने भविष्य में भी किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सशक्तिकरण के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।



