डोंगरिया में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक, कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हजारों युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के सीधा प्रसारण से जुड़ने के लिए जिले के डोंगरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची थे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., डीएफओ ग्रीष्मी चांद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत वॉलेंटियर्स, युवा क्लबों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “नशा मुक्त युवा विकसित भारत” अभियान का उद्देश्य देश के प्रत्येक युवा को नशे की गिरफ्त से बचाकर विकसित भारत के निर्माण में उसकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ समाज और राष्ट्र की शक्ति को भी कमजोर करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नशे से दूर रखने और युवाओं से स्वस्थ, जागरूक एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस अभियान से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा जुड़ रहे हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने उपस्थित सभी युवाओं एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने, दूसरों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने, परिवार, मित्रों एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त युवा शक्ति के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु निरंतर कार्य करने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के उपरांत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विधायक, कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।



