*गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही* में खाद्य विभाग ने एलपीजी गैस के भंडारण एवं वितरण में अनियमितता पाए जाने पर गौरेला स्थित सियाराम गैस एजेंसी के गोदाम से 471 गैस सिलेण्डर जप्त किए हैं। इनमें 14 दशमलव 2 किलोग्राम क्षमता के 433 घरेलू तथा 19 किलोग्राम क्षमता के 38 व्यावसायिक सिलेण्डर शामिल हैं।
जांच के दौरान मुख्य बोर्ड, स्टॉक बोर्ड, आवक-जावक एवं स्टॉक पंजी का संधारण नहीं किया जाना तथा मूल्य-स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं करना जैसी अनियमितताएं पाई गईं। विभाग के अनुसार एजेंसी के विरुद्ध पहले भी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। खाद्य विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और एलपीजी वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



