घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए सरकार ने सिलेंडर बुकिंग के नियम में बदलाव किया है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक एलपीजी रीफिल बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच का अंतर 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है. यानी अब ग्राहक पिछला सिलेंडर बुक करने के 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे. इस बदलाव से खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के उन ग्राहकों को राहत मिलेगी, जिन्हें अगला सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिन का लंबा इंतजार करना पड़ता था. अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए 25 दिन का समान नियम होगा.
इससे पहले घरेलू एलपीजी रीफिल की बुकिंग के बीच 45 दिन का अंतर रखा गया था. इसके चलते जिन परिवारों में गैस सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता था, उन्हें अगली बुकिंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था. अब यह अंतर घटाकर 25 दिन कर दिया गया है. इसका मतलब है कि एक बार सिलेंडर बुक करने के 25 दिन पूरे होने के बाद ग्राहक दोबारा रीफिल बुक कर सकेगा.
नियम में बदलाव का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण एलपीजी ग्राहकों को मिलने की उम्मीद है. कई ग्रामीण परिवारों में खाना पकाने के लिए एलपीजी की खपत ज्यादा होती है. ऐसे में 45 दिन का बुकिंग गैप उनके लिए परेशानी का कारण बन सकता था. अब 25 दिन का समान नियम लागू होने से ग्रामीण और शहरी घरेलू ग्राहकों के बीच बुकिंग अंतर को लेकर भी अंतर नहीं रहेगा.
पेट्रोलियम मंत्रालय ने लिया फैसला
इंटर रीफिल बुकिंग गैप घटाने का फैसला पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से लिया गया है. नए नियम के तहत घरेलू एलपीजी ग्राहकों को अगली रीफिल बुक करने के लिए 25 दिन का अंतर पूरा करना होगा. इस बदलाव से ग्राहकों को जरूरत के मुताबिक सिलेंडर दोबारा बुक करने में ज्यादा सुविधा मिलेगी.



