Home छत्तीसगढ़ तालाब भरो और लघु सिंचाई योजना के तहत निर्मित परियोजनाओं का कलेक्टर...

तालाब भरो और लघु सिंचाई योजना के तहत निर्मित परियोजनाओं का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

0

एनीकट के जल का समुचित उपयोग हेतु ड्रिप सिंचाई के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 05 जून 2025/ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आज मरवाही विकासखण्ड का दौरा कर तालाब भरो योजना और लघु सिंचाई योजना के तहत निर्मित परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मोहारीटोला (अमेराटीकरा) में सोन नदी पर बने एनीकट में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा तालाब भरो योजना के तहत स्थापित सोलर पंप से आसपास के किसानों को दी जा रही सिंचाई सुविधा एवं निस्तार के लिए भरे जा रहे तालाब की जानकारी ली। कलेक्टर ने मोहारीटोला स्थित सोलर पंप हाउस से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर पाइप लाइन से भर रहे राम सागर तालाब का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने क्रेडा के जिला अधिकारी से योजना की लागत, क्षमता एवं संधारण तथा मौके पर उपस्थित गांव के सरपंच, जनपद सदस्य एवं ग्रामीणों से इस योजना के लाभ के बारे में भी पूछताछ की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह अच्छी योजना है, इससे ग्रामवासियों को लाभ मिल रहा है, इसका विस्तार होना चाहिए। इस जानकारी पर कलेक्टर ने क्रेडा अधिकारी को तालाब भरो योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम पथर्री में सोन नदी पर बने एनीकट में जल संसाधन विभाग द्वारा लघु सिंचाई योजना के तहत स्थापित पंप हाउस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालन अभियंता संतोष कौशिक से एनीकट में जलभराव क्षमता एवं सिंचाई रकबा की जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि इस योजना के तहत चार खण्डों में पाइप लाइन से पथर्री एवं पोंड़ी गांव तक लगभग 3 किलोमीटर तक जल आपूर्ति तथा रबी मौसम में 180 हैक्टेयर एवं खरीफ मौसम में भी 180 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का रकबा है। कलेक्टर ने इस योजना से एनीकट के जल का समुचित उपयोग करते हुए अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठकर चर्चा करने और ड्रिप सिंचाई के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।