विद्यालय के किचन गार्डन में कलेक्टर ने कटहल के पाधे का रोपण किया
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 05 जून 2025/कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आज मरवाही विकासखण्ड के कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कुम्हारी के स्मार्ट क्लासेस का निरीक्षण किया। उन्होंने 100 सीटर आवासीय विद्यालय में तीनों कक्षाओं-छठवीं, सातवीं एवं आठवीं क्लास के बच्चों के लिए स्मार्ट क्लासेस के लिए सिस्टम के साथ दी गई एलईडी, टेबल, चेयर, पोडियम, माइक, वाईफाई कनेक्शन आदि उपकरणों का अवलोकन किया और अधीक्षिका एवं शिक्षिका से सिस्टम ऑपरेट करने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यालय के स्टाफ को सिस्टम के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए तथा ऑपरेट करना भी आना चाहिए, इसके लिए मास्टर ट्रेनर से अच्छी तरह प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। कलेक्टर ने विद्यालय के किचन गार्डन में कटहल के पाधे का रोपण भी किया। उन्होंने अधीक्षिका को आवासीय विद्यालय के बेहतर रखरखाव एवं साफ-सफाई के निर्देश दिए। अधीक्षिका द्वारा परिसर में स्थित बिजली ट्रांसफार्मर को अन्यत्र शिफ्ट कराने के आग्रह पर कलेक्टर ने सहमति प्रदान करते हुए शिफ्टिंग की कार्यवाही करने की बात कही। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी डी के पटेल एवं नोडल अधिकारी राहुल गौतम भी उपस्थित थे।



